Sonbhadra News: सोनभद्र जिले के चोपन थाना क्षेत्र के पनारी गांव में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। ठंड के कारण एक बुजुर्ग चारपाई के पास अलाव जलाकर सो गया। जिससे आग लगने से जिंदा जलकर उसकी मौत हो गई।
सोनभद्र जिले के थाना चोपन क्षेत्र के पनारी गांव के चैना टोला में सोमवार की रात दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बरामदे में चारपाई पर गहरी नींद में सो रहे बुजुर्ग की आग से झुलसकर मौत हो गई। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
विज्ञापन
क्या है पूरा मामला
पनारी गांव के चैना टोला निवासी बलिराम (70) पुत्र बिरजू रोज की तरह सोमवार रात भोजन करने के बाद घर के बरामदे में चारपाई पर सोने चले गए। परिजनों के मुताबिक, वह ठंड से बचने के लिए चारपाई से कुछ दूरी पर आग जलाते थे। रात में किसी अज्ञात कारण से आग ने विकराल रूप ले लिया और चारपाई तक पहुंच गई, जिससे बलिराम आग की चपेट में आ गए।
पत्नी बबनी देवी और पुत्र मुरारी ने बताया कि वे लोग घर के दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह जब बरामदे में पहुंचे तो देखा कि बलिराम का आधे से ज्यादा शरीर जल चुका था और चारपाई, रजाई व गद्दा पूरी तरह जलकर राख हो गए थे। वहीं बलिराम की जलकर मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही चोपन पुलिस और क्षेत्रीय लेखपाल को अवगत कराया गया।