दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के झारोकला गांव में रविवार को दोपहर में नहाते समय बंधी में डूब रही छोटी बहन को बचाने गई बड़ी बहन की डूबने से मौत हो गई। छोटी बहन बच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झारोकला गांव निवासी विजय कुमार की पुत्री अंजली और गुंजा घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर स्थित बंधी में नहाने गई थीं। गांव के बच्चे भी केला के डंठल पर बैठकर पानी मे खेल रहे थे। खेलते समय अंजली (9) गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।
छोटी बहन को डूबते देख कक्षा चार की छात्रा गूंजा (11) उसे बचाने के लिए गई। अंजली को धकेलते हुए बाहर कर दी लेकिन खुद गहरे पानी में डूब गई। गांव में बच्चे शोर मचाते हुए पहुंचे और आस-पास के लोगों को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचें ग्रामीणों ने बंधी में डूबी गुंजा को बाहर निकाला। इसके बाद एम्बुलेंस से सीएचसी दुद्धी ले गए। जहां चिकित्सक ने छात्रा को देखते ही मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के समय मां रेणुकूट सब्जी बेचने गई हुई थी। पहुंची तो शव देखते ही बेहोश हो गई। बड़ा पुत्र अनिल (13) और छोटी बहन अंजली रो रोकर बेहाल हैं। छात्रा के पिता विजय कुमार कमाने के लिए चंडीगढ़ गए हुए हैं।