घोरावल वन क्षेत्र के सतद्वारी गांव में बुधवार की सुबह आवासीय बस्ती के पास खेत में मगरमच्छ मिलने से गांव में खलबली मच गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ का रेस्क्यू कर मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया।
सतद्वारी गांव में मिट्ठू के घर के पास खेत में बुधवार की सुबह परिजनों ने बड़े आकार के मगरमच्छ को देखा। वह उनके घर की ओर धीरे-धीरे आ रहा था। मगरमच्छ मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद के निर्देश पर वन्य जीव रक्षक अभिलाष वर्मा, ओमप्रकाश विश्वकर्मा व राकेश कुमार की टीम मौके पर पहुंची। रस्सी व बांस के सहारे करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को पकड़ लिया और मुक्खा फाल के जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
वन क्षेत्राधिकारी सुरजू प्रसाद ने बताया कि बुधवार को भोर में सतद्वारी गांव में आवासीय बस्ती के पास खेत में करीब आठ फीट लंबा नर मगरमच्छ पकड़ा गया, जिसे मुक्खा फाल के जलाशय में छोड़ दिया गया। इस वर्ष गर्मी में अब तक अलग अलग गांवों में आवासीय बस्ती व खेतों से करीब दस मगरमच्छ पकड़े जा चुके हैं। गर्मी के महीने में नदी तालाब सूखने से मगरमच्छ भोजन व पानी की तलाश में भटक कर ग्रामीण इलाकों में आ सकते हैं। ऐसे में बेलन नदी, बकहर नदी और तालाबों के आस पास के इलाकों में मगरमच्छ मिलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने अपील की है कि ग्रामीण इलाकों में खेतों और झाड़ियों के पास सावधानी पूर्वक आवागमन करें। लोग सतर्क रहें और कहीं भी मगरमच्छ दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचना दें।