सोनांचल में शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ बकरीद का पर्व मनाया गया। राबर्ट्सगंज समेत अन्य ईदगाह और मस्जिदों में मुसलमानों ने अकीदत के साथ नमाज अता की। इस दौरान नमाजियों ने मुल्क की सलामती के लिए दुआएं मांगी। नमाज के दौरान राबर्ट्सगंज ईदगाह के समीप पुलिस ने वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी थी, ताकि नमाजियों को को आने-जाने में दिक्कतें न हो। आवागमन बंद होने से वाहनों की कतार लग गई थी।
राबर्ट्सगंज ईदगाह पर मौलाना हिफाजत हुसैन ने बकरीद पर्व के महत्व के बारे मेें जानकारी दी। यहां सुबह आठ बजे मौलाना सगीर और साढ़े आठ बजे जामा मस्जिद में मौलाना खुर्शीद ने नमाजियों को नमाज पढ़ाई। ईदगाह पर अपर जिलाधिकारी रामचंद्र, एसडीएम हर्षदेव पांडेय, एएसपी शंभूशरण यादव, नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, सच्चिदानंद और कोतवाल केडी यादव ने अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मुश्ताक खां, अजहर खां, रोशन लाल, प्यारे भाई कादरी, राजू खां समेत अन्य मुस्लिम बंधुओं से गले मिल कर उन्हें बकरीद पर्व की बधाई दी। देर रात तक दावतों का दौर चलता रहा।
अंजुमन इस्लामिया कमेटी के सदर मुश्ताक खां ने बताया कि राबर्ट्सगंज और आसपास के इलाकों में बकरों की कुर्बानी दी गई। उधर दुद्धी संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में शांतिपूर्ण ढंग से ईदगाह और मस्जिदों में नमाज पढ़ी गई। नमाज समाप्त होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मेें मिल कर पर्व की बधाई दी। सुरक्षा के मद्देनजर और ईदगाह और मस्जिदों के आसपास काफी संख्या में फोर्स तैनात रही। दुद्धी कस्बे में एसडीएम विश्राम यादव, सीओ लक्ष्मण राय और कोतवाल मनोज पांडेय भ्रमण करते रहे।
घोरावल प्रतिनिधि के मुताबिक क्षेत्र के ईदगाह और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। घोरावल कस्बे में स्थित ईदगाह पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के मद्देनजर फोर्स के साथ उपजिलाधिकारी कैलाश सिंह, कोतवाल रमाकांत पांडेय मौजूद रहे। चोपन, शाहगंज, बभनी, रामगढ़, करमा, ओबरा, कोन संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में बकरीद का पर्व मना।