दुद्धी। टाउन क्रिकेट क्लब के मैदान पर चल रहे 37वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट के 16वें मैच में मंगलवार को दुर्गापुर पश्चिम बंगाल की टीम ने जीत हासिल की। पीडीडीयूनगर रेलवे की टीम को 35 रनों से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। बुधवार को दुर्गापुर और सिंगरौली के बीच पहला सेमीफाइनल मैच होगा।
आयोजन समिति के अध्यक्ष जबीं खान ने बताया कि टॉस जीतकर दुर्गापुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट खोकर 256 रन बनाए। मध्यक्रम के बल्लेबाज अंकित सिंह ने नाबाद 73 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। इसके अलावा शैलेश ने 50 रन बनाए। विश्वजीत ने 47 और सिद्धांत ने 22 रन बनाए।
दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी पीडीडीयू नगर की टीम 18.5 ओवर में 221 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। मध्यमक्रम के बल्लेबाज शुभम ने 13 छक्के और 12 चौकों की मदद से सर्वाधिक 136 रनों की शतकीय पारी खेली। अश्विन ने तीन छक्का तीन चौका लगाते हुए 33 व अरमान ने दो चौकों की मदद से 17 रन बनाए। दो विकेट व 73 रनों की पारी खेलने वाले दुर्गापुर के अंकित को मैन ऑफ द मैच घोषित कर मुख्य अतिथि सर्वेश मोहन ने पुरस्कृत किया। मैच के निर्णायक अनुराग चौरसिया व नागेंद्र राज रहे। कमेंट्री मु. शमीम अंसारी, सलीम खान व सुनील जायसवाल तथा स्कोरिंग अयाज व अयान ने किया।