शक्तिनगर। सीमा से सटे मप्र के सिंगरौली में रिलायंस कोल माइंस मुहेर में बृहस्पतिवार की रात बड़ा डंपर करीब सौ फीट खाई में गिर गया। इस हादसे में ऑपरेटर देवेंद्र यादव (42) की मौत हो गई। शव को निकालने के लिए करीब पांच घंटे टीम को रेस्क्यू करना पड़ा। घटना भोर करीब तीन बजे हुई।
देवेंद्र यादव बिहार के निवासी हैं। वह काफी समय से खदान में होलपैक (उच्च भार वहन क्षमता का डंपर) चला रहे थे। परिवहन के दौरान डंपर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा, जिससे ऑपरेटर वाहन के साथ नीचे गिर कर फंस गया। हादसे की सूचना पर रिलायंस कोल माइंस की सुरक्षा टीम, प्रबंधन के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंच गई। तत्काल बचाव अभियान शुरू किया गया। खदान की विषम परिस्थितियों और अत्यधिक गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। करीब पांच घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद टीम ने ऑपरेटर देवेंद्र यादव के शव को खाई से बाहर निकाल पाई। नवानगर थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। पुलिस और रिलायंस कोल माइंस की सुरक्षा टीम ने मिलकर संयुक्त बचाव अभियान चलाया। शव कब्जे में लेकर टाइम ऑफिस के पास रखा गया है, जहां आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम कराया गया।