करमा के स्थानीय थाना क्षेत्र के झकाही मठ के समीप काफी दिनों से बंद पड़े कोयले के कारखाने में युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के भाई विजय कुमार मौर्य ने करमा पुलिस को दिये तहरीर में बताया है कि उसका छोटा भाई अजय कुमार मौर्य(22) पुत्र नरेश मौर्य निवासी ग्राम झकाही थाना करमा ने शनिवार की रात कोयले के कारखाने में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। वह कोयले के कारखाने में चौकीदार के रूप में नियुक्त था। जहां पूर्व में लकड़ी का कोयला बनाया जाता था, जो काफी दिनों से बंद पड़ा है। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को औपचारिकता पूरी करते हुए पीएम के लिए भेज दिया। विजय ने यह भी बताया कि उसके पिता की 15 दिन पूर्व मौत हो गयी थी। तभी से छोटा भाई अजय सदमे में रहता था। उसके तथा परिवार के दूसरे सदस्यों ने उसे समझाया। फिर भी वह गुमशुम रहने लगा था। इसी बीच शनिवार की रात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि गांव के लोगों से भी पूछताछ की गयी तो बताया गया कि पिता की मौत से लगे सदमे को अजय बर्दाश्त नहीं कर सका और मौत को गले लगा लिया ।