सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के कमोजी गांव में सोमवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडे चले। इसमें अधिवक्ता, ग्राम प्रधान समेत कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार करवाया। दोनों पक्षों की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि कमोजी गांव में सोमवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। आसपास के लोगों ने बीच बचाव कर विवाद को शांत कराया। इसके बाद घायलों ने कोतवाली पहुंच कर एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने बताया कि मारपीट में घायल अधिवक्ता सुधीर दुबे की तहरीर पर उनके गांव के ही रहने वाले अमरजीत दुबे, उनके भाई इंद्रजीत, अरूण के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। वादी का आरोप है कि विपक्षीगणों ने उनकी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों की पिटाई की है। उधर दूसरे पक्ष के निपराज के ग्राम प्रधान अमरजीत दुबे की तहरीर पर जर्नादन दुबे, उनके भाई रमेश, योगेंद्र दुबे और सुधीर दुबे के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि विपक्षीगणों ने अनायास उनकी और उनके परिवार के सदस्यों की पिटाई की है। कोतवाल बाल मुकुंद मिश्रा का कहना है कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर विवेचना की जा रही है। विवेचना के दौरान जो भी दोषी मिलेगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।