सोनभद्र। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) मोर्चा ने सोमवार को राबर्ट्सगंज नगर के स्वर्ण जयंती(बढ़ौली) चौक से तहसील परिसर तक जुलूस निकाल कर विरोध जताया। जुलूस निकालकर नगर निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण दिए जाने की मांग की गई।
मोर्चा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि बिना ओबीसी आरक्षण के नगर निकाय के चुनाव न कराए जाएं। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट के गाइडलाइन पर अमल न करके ओबीसी आरक्षण को समाप्त करने का षड्यंत्र रच रही है। इसलिए उत्तर प्रदेश में ओबीसी के साथ न्याय करते हुए निकाय चुनाव में ओबीसी आरक्षण बहाल किया जाए। कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ 27 सितंबर 2022 के ही अपने निर्णय में ट्रांसजेंडर को भी ओबीसी में शामिल करने के आदेश दिए हैं। पहले से ही ओबीसी को संख्या के अनुपात में पर्याप्त हिस्सा नहीं मिल रहा है, इसके बावजूद ओबीसी में ट्रांसजेंडर को शामिल करने से ओबीसी की हकमारी और अधिक होगी। मांग किया कि ट्रांसजेंडर को ओबीसी में डालने के बजाय उनके लिए अलग से कोटा निर्धारित किया जाए, ताकि ओबीसी और ट्रांसजेंडर दोनों के साथ न्याय हो सके। इस मौके पर रामभरोसे सिंह पटेल ,लक्ष्मी नारायण पटेल, सूरज कुमार सदल ,सूर्य नाथ सिंह आदि मौजूद रहे।