सोनभद्र। बारिश और तापमान लुढ़कने के कारण प्रदेश में बिजली की खपत में 2437 मेगावाट की गिरावट दर्ज की गई है। अनपरा की 500 मेगावाट क्षमता की चौथी इकाई ट्रिप कर जाने और ओबरा की 200 मेगावाट की 9वीं इकाई बंद रहने के बावजूद थर्मल बैकिंग कराई गई। अनपरा सी में शाम तक करीब 400 मेगावाट की थर्मल बैकिंग बनी रही।
सितंबर के मुकाबले अक्तूबर में अब तक जहां बिजली की खपत में 12 हजार मेगावाट से अधिक की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं बजाज एनर्जी की 10, हरदुआगंज, जवाहरपुर और परीक्षा की कुल सात इकाइयां कम खपत को देखते हुए पांच नवंबर तक के लिए बंद कर दी गई है।
अब मौसम में आए बदलाव के कारण महज 48 घंटे में 2437 मेगावाट की गिरावट दर्ज की गई है। गत शनिवार की रात पीक ऑवर में जहां बिजली की अधिकतम मांग 20737 मेगावाट दर्ज की गई थी। वहीं रविवार की रात पीक ऑवर में यह खपत 18300 मेगावाट पर आ गई। सोमवार को भी शाम छह बजे के करीब अधिकतम मांग 17000 मेगावाट के ही इर्द-गर्द बनी रही।