उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रयागराज के मंडल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने बुधवार को अमृत भारत स्टेशन सोनभद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत भारत स्टेशन के निर्माण कार्यों को देखा और मानक के अनुसार कार्य कराने को कहा।
करीब 50 मिनट के निरीक्षण में उन्होंने सभी बिंदुओं की गहनता से जांच की। डीआरएम रजनीश अग्रवाल स्पेशल सैलून से दोपहर में 2.25 बजे सोनभद्र रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पर कोच इंडीकेटर के काम के संबंध में जानकारी ली।
स्टेशन परिसर में खराब पड़े जेनरेटर के बारे में संबंधितों से जानकारी लेकर इसका निस्तारण कराने को कहा। डीआरएम ने अमृत भारत स्टेशन के नक्शा का अवलोकन किया। मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए।
प्लेटफार्म नंबर एक पर फुट ओवरब्रिज और लिफ्ट के कार्यों को देखा। प्लेटफार्म नंबर दो पर जनसुविधाओं के बारे में जानकारी ली। स्टेशन मास्टर कक्ष का भी डीआरएम ने निरीक्षण कर संबंधित को जरूरी दिशा निर्देश दिए।
करीब 3.15 बजे डीआरएम का सैलून चुर्क-चोपन की तरफ रवाना हुआ। उनके साथ वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक आंकशु गोविल, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एसके भारद्वाज, एके तोमर, स्टेशन अधीक्षक राममनी सारस्वत आदि शामिल रहे।
सड़क चौड़ी कराने के दिए निर्देश
सोनभद्र रेलवे स्टेशन से बीएसएनएल कार्यालय होते हुए कचहरी तिराहा जाने वाले संपर्क मार्ग का डीआरएम ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे जमीन पर बनाए गए सड़क और विद्युतीकरण कार्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अमृत भारत में ही इस सड़क का चौड़ीकरण भी कराया जाए। इसके लिए जरूरी कार्रवाई करने के लिए संबंधितों को निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे लगी लाइटें चालू कराने को कहा।