करमा थाना क्षेत्र के सरौली गांव के समीप कंटेनर से पाईप गिरने से एक की मौत ।
- फोटो : SONBHADRA
केकराही। करमा थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत सरौली के अतरौलिया टोला में शनिवार को हर घर जल योजना की पाइप के ढेर में दबकर कंटेनर चालक की मौत हो गई। पाइप उतारने के लिए कंटेनर खोलते समय यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हर घर जल योजना के तहत इन दिनों गांवों में पाइप लाइन बिछाया जा रहा है। बस्ती जिले के पैकौलिया थाना अंतर्गत मझगंवा निवासी रामजी मौर्य (35) पुत्र गंगा राम कंटेनर पर पाइप लादकर सरौली गांव पहुंचा था। यहां अतरौलिया टोला में पाइप उतारने के लिए रामजी कंटेनर का ढक्कन खोल रहा था। एसएसआई विमलेश सिंह के मुताबिक लोहे की चेन को झटका देकर निकालने के दौरान अचानक जंजीर टूट गई और पाइप एक साथ कंटेनर से नीचे आने लगे। रामजी उसके नीचे दब गया। एक के बाद एक कई पाइप के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पुलिस को दी। करमा पुलिस ने मृतक की पहचान के बाद घर वालों को जानकारी दी। कंटेनर रामजी के ही साले राज लक्ष्मण निवासी जलालाबाद थाना पैकौलिया की है। एसएसआई ने बताया कि घर वालों को सूचना दी गई है। उनके पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।