जददूपुर बहरी मार्ग पर बरसात के पानी में डूबी पुलिया। संवाद
- फोटो : 1
जिले में लगातार बारिश से सीमावर्ती गांव जद्दुपुर में तीन पुलियों पर तीन से चार फीट तक नाले का पानी भर गया है।
इससे 12 से अधिक गांवों का संपर्क टूट गया है। पुलिया पर आवागमन ठप होने से दस हजार से अधिक की आबादी पांच से सात किलोमीटर अतिरिक्त चक्कर लगाकर चौरी बाजार पहुंच रही है। भदोही ब्लाॅक का जद्दूपुर गांव जिले का आखिरी गांव है। इसके ठीक बाद वाराणसी जिला शुरू हो जाता है। यह गांव तीन तरफ से बहरी नाले से घिरा है। यह नाला ज्ञानपुर नगर के जगन्नाथपुर माइनर से जुड़ा है।
जद्दुपुर समेत आसपास के 12 से अधिक गांवों के लोगों के आवागमन के लिए नाला के ऊपर बनी पुलिया रास्ता है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रहीं बारिश से पिछले एक सप्ताह से नाले पर बनी उत्तरी छोर की पुलिया, मनापुर-जद्दुपुर मार्ग के नाले की पुलिया और जद्दुपुर बहरी मार्ग के नाला पर बनी पुलिया पर चार से पांच फीट तक पानी बह रहा है।
जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। पुलिया के ऊपर से पानी जाने के कारण इन पुलियों से जुड़े लोगों का संपर्क टूट गया है। चौरी बाजार में आने के लिए इन्हें जहां दो से तीन किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी।
वहीं अब यह दूरी करीब सात से आठ किमी तक पहुंच गया है। नाले का पानी बस्तियों में भी पहुंच चुका है। इससे लोगों की दुश्वारी बढ़ गई है।