सोनभद्र। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के तहत गणना प्रपत्रों के एकत्रीकरण व डिजिटाइजेशन कार्य की डीएम ने बुधवार ब्लॉक राॅबर्ट्सगंज में औचक समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ, कंप्यूटर ऑपरेटर और सुपरवाइजरों को समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए। इस मौके पर चार बीएलओ को सम्मानित किया।
डीएम बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि गणना प्रपत्रों की डिजिटाइजेशन प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित समय सीमा में सौ प्रतिशत पूरी कर ली जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मौजूद कार्मिकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि मतदाता सूची जितनी त्रुटिरहित होगी, उतना ही निष्पक्ष और भयमुक्त निर्वाचन सुनिश्चित होगा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदाताओं को सचेत करते हुए स्पष्ट किया कि गणना प्रपत्र भरने में न कोई संदेश भेजा जाता है और न ही ओटीपी की जरूरत पड़ती है। किसी के ओटीपी मांगने पर उसे बिल्कुल भी साझा न करें। गणना प्रपत्र में किसी दस्तावेज़ को संलग्न करने की भी आवश्यकता नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई मतदाता अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को उपलब्ध नहीं कराता है तो उसका नाम 9 दिसंबर को प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं रहेगा।
डीएम ने बताया कि एसआईआर के काम में 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने वाले चार बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया जा रहा है। इनमें बीएलओ घोरावल विधानसभा के बूथ संख्या 147 की कुमारी सुप्रिया, राॅबर्ट्सगंज विधानसभा के बूथ संख्या 103 के प्रेमनाथ, बूथ संख्या 205 के लाल बिहारी और बूथ संख्या 131 के मुल्ला शामिल हैं। इस मौके पर डीडीओ हेमंत कुमार, डीसी मनरेगा रविंद्र वीर सिंह, बीएसए मुकुल आनंद पांडेय, डीआईओएस जयराम सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण आदि मौजूद रहे।