सोेनभद्र। कभी बारिश तो कभी तेज धूप की वजह से जिले में तेजी के साथ आईफ्लू फैल रहा है। इसकी रोकथाम के लिए सीएमओ डॉ. अश्वनी कुमार ने अलर्ट जारी किया है। जिला अस्पताल सहित सभी सीएचसी-पीएचसी पर दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य टीमों को स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों की आंखों की जांच करने के लिए कहा है।
जिले में आई फ्लू के बचाव के लिए उन्होंने सबसे सहयोग की अपेक्षा किया है। सीएमओ ने बताया कि अस्पतालों के नेत्र विभाग की ओपीडी में करीब 30 फीसदी लोग आई फ्लू से ग्रसित हैं। यह बच्चों को अधिक प्रभावित कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूलों में भी आई फ्लू के मामले काफी बढ़े हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों ने अपील किया कि जिन बच्चों को आई फ्लू की समस्या है। उन्हें स्कूल ना भेजें। अगर ऐसे बच्चे स्कूल आते हैं तो उन्हें सामंजस्य बनाकर घर भेजें। इससे अन्य बच्चों में यह तेजी से फैलता है। आई फ्लू या कंजक्टिवाइटिस के लक्षण पर किसी चिकित्सक की सलाह से अच्छी क्वालिटी की दवा लें। सावधानी जरूरी है। आंखों को छुएं या रगड़े नहीं। तौलिया, तकिया, मेकअप किट शेयर न करें। हाथों को साफ रखें। पीड़ित व्यक्ति काला चश्मा अवश्य पहनें। सामान्य लोग ही धूप में निकले तो सिर पर तौलिया और चश्मा लगाकर निकलें। टीवी और मोबाइल का प्रयोग करने से बचें। आंखों को थोड़ी-थोड़ी देर के अंतराल पर धोते रहें। तत्काल ही चिकित्सक से परामर्श कर आंखों में दवा डालें। घरेलू उपचार से बचें, एक व्यक्ति अपने आई ड्राप को दूसरे से साझा न करें।