सोनभद्र। एसटीएफ वाराणसी और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने सोमवार को चोपन थाना क्षेत्र के सलखन के पास पांच क्विंटल गांजा की बड़ी खेप बरामद की गई। डाक पार्सल लिखे ट्रक में भरा यह गांजा ओडिशा से मिर्जापुर लाया जा रहा था। बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये आंकी गई है। टीम के पहुंचने से पहले ही तस्कर फरार हो गए थे। ट्रक समेत गांजा को टीम वाराणसी ले गई।
जिले के रास्ते गांजा-हेरोइन की तस्करी जोरों पर है। पिछले दिनों एसटीएफ लखनऊ की टीम ने म्योरपुर के पास से गांजा की बड़ी खेप बरामद की थी। इस बार एसटीएफ की फील्ड यूनिट वाराणसी को सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर निरीक्षक पुनीत परिहार की टीम नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अधिकारियों के साथ सलखन पहुंची। यहां पेट्रोल पंप के पास खड़े डाक पार्सल लिखे एक ट्रक को पकड़ा। ट्रक में कोई नहीं था। काफी देर तक छानबीन के बाद भी कोई नहीं आया तो टीम ने ट्रक के अंदर तलाशी शुरू की। एक केबिन में छिपाकर पांच सौ किलो गांजा रखा गया था। टीम ने गांजा समेत ट्रक को कब्जे में ले लिया। एसटीएफ निरीक्षक पुनीत परिहार ने बताया कि बरामद गांजा ओडिशा से मिर्जापुर लाया जा रहा था। ट्रक मिर्जापुर के मड़िहान थाना अंतर्गत जमुई निवासी लीलावती देवी के नाम पंजीकृत है। तस्करों और ट्रक मालिकों के संबंध में छानबीन की जा रही है। संबंधित धाराओं में चोपन थाने में केस दर्ज कराया गया है।