सोनभद्र। निकाय चुनाव में आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शुक्रवार को प्रत्याशियों के साथ रिटर्निंग ऑफिसर ने बैठक की। सभी निकायों में बैठक के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। हिदायत दी गई कि किसी भी हाल में आदर्श आचार संहिता न तोड़ें। इसकी अवहेलना करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पालिका सोनभद्र के सभागार में हुई बैठक में रिटर्निंग आफिसर ने सभी प्रत्याशियों व उनके प्रतिनिधियों से कहा कि अपने हर चुनाव खर्च का विवरण रखें। खर्च निर्धारित राशि से अधिक नहीं होना चाहिए। सार्वजनिक संपत्ति का उपयोग चुनाव प्रचार में न करें। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें। बैठक में एसडीएम शैलेंद्र मिश्र, सीओ राहुल पांडेय, ईओ विजय कुमार यादव, कोतवाल मनोज सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ओबरा: नगर के चिल्ड्रेन पार्क में शुक्रवार को हुई बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर उमाशंकर गुप्ता व रामप्यारे दुबे ने बताया कि संपत्ति विरूपण अधिनियम का पालन करते हुए किसी भी शासकीय संपत्ति पर कोई राजनीतिक या प्रचार प्रसार का पोस्टर न चिपकाएं और न ही कोई झंडा या बैनर लगाएं। किसी व्यक्ति के घर पर अगर कोई झंडा पोस्टर लगाएं तो उनसे अनुमति जरूर लें। बैठक में ईओ महेंद्र कुमार सिंह, एआरओ सुजीत कुमार पाल, एआरओ राजीव प्रसाद, एआरओ विकास चौधरी आदि मौजूद रहे। चोपन: नगर पंचायत कार्यालय पर बैठक में रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि आप सभी आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए चुनाव लड़ें। कोई भी प्रत्याशी किसी भी दशा में किसी भी धर्म जाति या संप्रदाय के प्रति टीका टिप्पणी न करें, जिससे तनाव की स्थिति उत्पन्न हो। नुक्कड़ सभा व जूलूस प्रशासन की अनुमति के बाद ही करें। निर्वाचन में लगे अधिकारियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। फर्जी तरीके से मतदान कराने की कोशिश न करें, वरना मुकदमा दर्ज हो सकता है। इस मौके पर थाना प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत, सभी प्रत्याशी मौजूद रहे। घोरावल: नगर पंचायत सभागार में एसडीएम रमेश कुमार की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में प्रचार के लिए किसी प्रकार की कोई भी अनुमति लेने की प्रक्रिया का नियम पूर्वक पालन करें। धार्मिक स्थलों से कोई प्रचार नहीं किया जाएगा। किसी प्रत्याशी के प्रचार सामग्री को फाड़ना अनुचित है। रात्रि 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर से प्रचार नहीं किया जाएगा।मौके पर आरओ विनय कुमार श्रीवास्तव, नंदन कुमार, शुभेंदु सिंह, टीपी सिंह, एसओ अंजनी राय, ईओ घनश्याम राय आदि मौजूद रहे।