सोनभद्र। डीएम कार्यालय का बड़े बाबू बनकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है। आरोपी ने पांच लाख 62 हजार रुपये दिलाने का झांसा देकर रुपये ऐंठ लिया। इस मामले में राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने एक मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बभनी थाना क्षेत्र के चपकी गांव निवासी वादी राजेश कुमार सोनी ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि उसके भाई राजू सोनी की उसकी पत्नी व अन्य लोगों ने वर्ष 2017 में हत्या कर दी थी। उक्त संबंध में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा कायम है। भाई का शव उसके ससुराल औरगांबाद बिहार में मिलने के कारण केस का वहां स्थानांतरण कर दिया गया था। राजेश का कहना है कि छह अप्रैल 2021 को वह मुकदमे की पैरवी के लिए औरंगाबाद गया था। उसी दिन एक अनजान व्यक्ति ने उसके मोबाइल पर कॉल कर बोला कि मैं डीएम सोनभद्र कार्यालय से बड़े बाबू बोल रहा हूं, आप के भाई के मृत्यु के मामले में सरकारी सहायता के मद में पांच लाख 62 हजार रुपये आया है। जिसमें एक लाख रुपये खर्च हुआ है उसे देना पड़ेगा। तत्काल आकर राबर्ट्सगंज कोतवाली के पीछे अकड़हवा पोखरा के समीप रुपये दे जाओ। उसका आरोप है कि वह एक लाख रुपये का इंतजाम कर फोन करने वाले व्यक्ति के बताए गए स्थान पर पहुंचा तो वहां पहले से एक महिला मौजूद थी। उसने महिला से खड़ा होने के बारे में पूछा तो उसने बताया कि उसके बेटे की कुएं में डूबने से मौत हो गई थी। उसी मामले में सरकारी सहायता आई है, जिसमें 30 हजार देने के लिए एक व्यक्ति का इंतजार कर रही हूं। राजेश का कहना है कि कुछ ही देर बाद फोन करने वाला व्यक्ति आया और रुपये लेकर बोला की दस मिनट में चेक लेकर आ रहा हूं, लेकिन वह फरार हो गया। कोतवाल अविनाश चंद्र सिन्हा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जिस नंबर से कॉल आया था उसके के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुुुरू कर दी गई है।