आकांक्षी ब्लाॅक चतरा में नीति आयोग के विशेष सचिव के संभावित निरीक्षण को लेकर मंगलवार को जिले के अफसर चतरा पहुंचे। ब्लॉक कार्यालय का निरीक्षण करने के बाद पकरहट गांव में भी विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया।
स्मार्ट क्लास, आंगनबाड़ी केंद्र की खामियों को सुधार के निर्देश दिए। डीएम ने पूछा कि चौड़ी नाली क्यो बनाई तो प्रधान और सचिव जवाब नहीं दे सके। शौचालय में उपले का ढेर मिला।
ब्लॉक कार्यालय के निरीक्षण के दौरान डीएम ने आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के संबंध में शिकायतकर्ता से मोबाइल के माध्यम से जानकारी ली।
डीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों के आवास का फोटोग्राफ देखा तो पता चला कि ग्राम पंचायत नरोखर के सचिव ने आवास की पूर्णतया की रिपोर्ट लगा दी है, जबकि अभी तक आवास अधूरा है।
इस पर डीएम ने सचिव व कम्प्यूटर ऑपरेटर को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। ब्लाॅक परिसर में मनरेगा, कृषि विभाग से संचालित योजना, फार्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया।
बीडीओ को निर्देशित किया कि ब्लाॅक परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर कराएं। भवन की रंगाई-पोताई का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। उन्होंने कहा कि पुराने जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
पकरहट गांव के निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। ग्राम पंचायत सचिव ने बताया कि इस ग्राम सभा में 286 लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए सर्वे किया गया है।
डीएम ने कहा कि कोई भी पात्र लाभार्थी प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित न रहने पाए। ग्राम पंचायत में बनाई गई चौड़ी नाली के औचित्य के संबंध में डीएम ने ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव से जानकारी ली तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सके।
डीएम ने ग्राम पंचायत सचिव को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए और नाली की गुणवत्ता की जांच तकनीकी टीम से कराने के लिए डीपीआरओ को निर्देशित किया।
ग्राम वन के पास बने अंत्येष्टि स्थल पर शौचालय की स्थिति ठीक नहीं होने पर डीपीआरओ को मरम्मत कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीडीओ जागृति अवस्थी, एडीएम रोहित यादव, डीडीओ हेमंत कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रवींद्र वीर सिंह, डीपीआरओ नमिता शरण आदि मौजूद रहे।