सोनभद्र। राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के गोरारी गांव में बुधवार को मनबढ़ों ने एक दिव्यांग को पीट कर घायल कर दिया। घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्र हुए तो हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित मनोज कुमार मौर्या के प्रार्थना पत्र पर तीन हमलावरों के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार को गोरारी गांव में सिलाई के पैसे को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष के कुछ लोगों ने दिव्यांग मनोज की पिटाई शुरू कर दी। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग बीच-बचाव करने के लिए पहुंच गए। भीड़ एकत्र होता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल की तहरीर पर उसी के गांव के रहने वाले नितेश, अनिल और सुरेंद्र के खिलाफ मारपीट और धमकी का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।