विंध्याचल मंडल के आयुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व मुकदमों की समीक्षा की। तीन और पांच वर्ष से अधिक लंबित मुकदमों का निस्तारण अभियान चलाकर करने के निर्देश दिए। लेखपाल के खिलाफ आरोपों की जांच आख्या समय से न देने पर घोरावल के एसडीएम और तहसीलदार से स्पष्टीकरण तलब किया।
मंडलायुक्त ने न्याय सहायक अनुभाग, सामान्य कार्यालय अनुभाग, पासपोर्ट अनुभाग, ई-डिस्ट्रिक्ट गवर्नेंस कक्ष, राजस्व सहायक अनुभाग कक्ष, आंग्ल अनुभाग कक्ष, स्थानीय निकाय अनुभाग कक्ष, रिकाॅर्ड रूम अनुभाग, मुख्य राजस्व अनुभाग कक्ष, नजारत आदि का निरीक्षण किया।
मंडलायुक्त ने कहा कि कार्यालय के कार्याें को संपादन कराने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की है। लिहाजा अधिकारी अपने विभागीय कार्याें के संबंध में आदेशों एवं निर्देशों का भलि-भांति अध्ययन करने के बाद ही अपने मातहतों को पूरी तरह से समझाकर ही पत्रावली की कार्रवाई सुनिश्चित कराएं।
मंडलायुक्त ने राजस्व संबंधित समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि 3 वर्ष और 5 वर्ष से अधिक मुकदमों का निस्तारण अभियान चलाकर किया जाय। जो पटल सहायक कार्यों का बेहतर ढंग से क्रियान्वयन नहीं कर रहे, उनके पटल का परिवर्तन किया जाए।
लेखपाल पर लगे आरोप पत्र की जांच आख्या समय से उपलब्ध न करने पर मंडलायुक्त ने घोरावल के एसडीएम और तहसीलदार को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। अटल आवासीय विद्यालय की सामग्री की आपूर्ति समय से विद्यालय में न दिए जाने पर डीएलसी पिपरी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए।
आपूर्ति की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता की जांच टीम गठित कर कराने को कहा। इस मौके पर डीएम बीएन सिंह, एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, रमेश चंद्र, रोहित यादव, प्रशासनिक अधिकारी रामलाल यादव आदि मौजूद रहे।
रॉबर्ट्सगंज थाने का किया निरीक्षण
मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने थाना रॉबर्ट्सगंज का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने संपूर्ण थाना परिसर का भ्रमण कर थाना कार्यालय, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष, मेस, बैरक आदि का निरीक्षण किया। परिसर साफ व स्वच्छ रखने के लिए संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, थाने पर आने वाले प्रत्येक शिकायतकर्ता की शिकायतों को विनम्रता पूर्वक सुनकर उनके शिकायतों की शत-प्रतिशत निस्तारण करने हेतु निर्देश दिए। इस मौके पर डीएम बीएन सिंह, एसपी अशोक कुमार मीणा, सीओ सिटी डॉ. चारु द्विवेदी आदि मौजूद रहे।