मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी ने बुधवार को जिले में विकास कार्यक्रमों के प्रगति की समीक्षा की। प्रभारी मंत्री की ओर से मिले निर्देशों के क्रियान्वयन की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्रों का भ्रमण, निरीक्षण न करने पर जिला पूर्ति अधिकारी से स्पष्टीकरण तलब किया। खराब ट्रांसफार्मर बदलने में देरी पर नाराजगी जताते हुए बिजली निगम के अफसरों को कड़ी हिदायत दी।
मंडलायुक्त ने पिछले दिनों मनबसा गांव में चौपाल के दौरान लाभार्थियों की ओर से कोटेदार पर दस रुपये अतिरिक्त लेने की शिकायत की जांच के निर्देश दिए।
जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने हर घर नल से जल परियोजना के कार्य को शीघ्र पूरा कराते हुए सभी गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
कहा कि जिन क्षेत्रों में हर घर नल से आपूर्ति शुरू हो गई है, वहां डीपीआरओ की ओर से कैंप लगाकर लोगों को इसी पानी को उपयोग करने के लिए जागरूक किया जाए।
पानी में जहां भी फ्लोराइड की मात्रा अधिक है, वहां नल से जल शीघ्र उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।