जिले की ग्राम पंचायतों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान को प्रदेश के बाहर भी सराहना मिल रही है।
ओडिशा के गंजाम शहर में सूखा कचरा व प्लास्टिक प्रबंधन पर आयोजित दो दिवसीय क्षेत्रीय कार्यशाला में जिले की टीम ने इस अभियान की विस्तार से प्रस्तुति दी। वहां मौजूद कई राज्यों से आए प्रतिनिधियों ने इसे सराहा और अपने राज्यों में लागू करने पर सहमति जताई।
जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण की ओर से अब तक प्लास्टिक के सेग्रीगेशन (पृथ्थकरण) के लिए किए गए प्रयास को अनूठा बताया गया। बता दें कि राज्य के नोडल एसएन सिंह और मिशन निदेशक राजकुमार के कुशल निर्देशन एवं डीपीआरओ नमिता शरण की अगुवाई में सोनभद्र में प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान चलाया जा रहा है।
घरों के बाहर बोरियां टांगते हुए प्लास्टिक निस्तारण के लिए जागरूक किया जा रहा है। गंजाम में 20 व 21 दिसंबर को आयोजित कार्यक्रम में सोनभद्र जनपद के अभियान को जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त निदेशक और स्वच्छ भारत मिशन भारत सरकार के निदेशक जितेंद्र श्रीवास्तव के समक्ष स्वच्छ भारत मिशन के जिला कोऑर्डिनेटर अनिल केशरी ने पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया।