कड़ी सुरक्षा व्यवस्था केे बीच डीएम कोर्ट में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सपा से अनिल यादव और बसपा से सुभाष पाल ने शुक्रवार को पर्चा दाखिल किया। कलेक्ट्रेट के प्रथम प्रवेश द्वार पर पुलिस ने वाहनों को अंदर जाने से रोक दिया। प्रत्येक प्रत्याशी के साथ सिर्फ प्रस्तावक और अनुमोदक को नामांकन स्थल तक जाने दिया गया। सीडीओ महेंद्र सिंह और एडीएम रामचंद्र के समक्ष प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। डीएम ने दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पत्रों की जांच की। जांच में सभी पर्चे वैध मिले। एसपी रामलाल वर्मा के निर्देश पर कलेक्ट्रेट परिसर पुलिस छावनी में तब्दील रहा। फोर्स ने समर्थकों को अंदर जाने से रोक दिया।
पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में नामांकन पत्र जमा करने की कार्रवाई संपन्न हुई। सवा एक बजे सपा के प्रत्याशी अनिल कुमार यादव पुत्र रामअवतार निवासी बिजौरा चोपन ने तीन सेटों में पर्चा दाखिल किया। अनिल के पहले नामांकन पत्र में प्रस्तावक के रूप में बीना देवी और अनुमोदक केदारनाथ, दूसरे नाम निर्देशन पत्र में प्रस्तावक रामवृक्ष, अनुमोदक तेजबली और तीसरे में प्रस्तावक राजपति देवी व अनुमोदक जगदीश प्रसाद रहे। करीब दो बजे बसपा के प्रत्याशी सुभाष पाल पुत्र रामराज पाल निवासी कोटा ने एक सेट में पर्चा दाखिल किया। सुभाष के प्रस्तावक विमलेश कुमार व अनुमोदक कुमारी संजू लता रहीं।
अपराह्न तीन बजे से जिलाधिकारी/निर्वाचन अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने दोनों उम्मीदवारों व उनके प्रस्तावक और समर्थकों के सामने नामांकन पत्रों की जांच की। इस दौरान नामांकन वैध पाए गए। निर्वाचन अधिकारी जीएस प्रियदर्शी ने बताया कि उम्मीदवारों की वापसी की सूचना किसी उम्मीदवार या उसके प्रस्तावक व अनुमोदक द्वारा चार जनवरी की पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक जिलाधिकारी न्यायालय कक्ष में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दी जा सकेगी। सुरक्षा व्यवस्था में अपर पुलिस अधीक्षक शंभूशरण यादव, उप जिलाधिकारी सदर हर्षदेव पांडेय, पुलिस क्षेत्राधिकारी सच्चिदानन्द, कोतवाल अबरार अहमद, करमा थाना प्रभारी केडी यादव, कोन थाना इंर्चाज अतुल सिंह, पन्नूगंज थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह चंदेल लगे रहे।