गुरमा स्थित जिला कारागार का बुधवार को जिला जज रतन सिंह, डीएम अभिषेक सिंह और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनपद न्यायाधीश ने बंदियों से जेल प्रशासन की ओर से मिलने वाले भोजन, पेयजल आदि सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सुबह करीब दस बजे जिला जज, डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी जिला जेल पहुंचे। करीब सवा तीन घंटे तक वो जेल के दौरे पर ही रहे। अचानक न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने से जेल प्रशासन महकमे में हड़कंप मच गया। जिला जज ने कारागार में निरुद्ध महिला-पुरुष बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, वाचनालय समेत तमाम बंदियों के कार्यों को देखा। महिला व पुरुष बंदियों से मिल कर उनकी समस्याओं के संबंध में भी जानकारी ली। जनपद न्यायाधीश ने जेल कर्मियों से भी बंदियों को दिए जाने वाली सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। निरीक्षण मेें सीजीएम सूरज मिश्रा आदि मौजूद रहे।