सोनभद्र। जिला संयुक्त चिकित्सालय में महीनों से रिक्त रेडियोलॉजिस्ट के पद पर जल्द की विशेषज्ञ चिकित्सक के तैनाती की उम्मीद है। इसके लिए उप मुख्यमंत्री (स्वास्थ्य मंत्री) ब्रजेश पाठक ने पहल की है।
जिला संयुक्त चिकित्सालय लोढ़ी में तैनात रेडियोलाजिस्ट डॉ. केके राय को करीब पांच माह पूर्व पदोन्नति के बाद जिला अस्पताल जौनपुर का अधीक्षक बना दिया गया। जिले के विभिन्न अस्प्तालों में सृजित नौ पदों के सापेक्ष वह जिले में भी एकलौते विशेषज्ञ चिकित्सक थे। उनके जाते ही जिले की स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी हो गई। एक ओर जहां गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड की जांच प्रभावित हो गई तो दूसरी ओर इमरजेंसी में पहुंचने वाले मरीजों के साथ ही ओपीडी में भी विभिन्न मरीजों के लिए अल्ट्रासाउंड के लिए परेशानी हो रही है। मरीजों को आठ सौ से एक हजार रुपये देकर अल्ट्रासाउंड जांच करानी पड़ रही है। वहीं पुलिस संबंधित मामलों में भी लोगों को मेडिकल रिपोर्ट के लिए अन्य जिलों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल लोढ़ी में रेडियोलॉजिस्ट के पद के रिक्त होने और आम जनमानस को होने वाली परेशानी का संज्ञान लिया है। उन्होंने खुद इस बारे में ट्वीट कर जानकारी दी है। अपने ट्वीटर एकाउंट पर उप मुख्यमंत्री ने लिखा है कि प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को जिला संयुक्त चिकित्सालय सोनभद्र में रेडियोलाजिस्ट के तैनाती का निर्देश दिया गया है। ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही यहां रेडियोलाजिस्ट की तैनाती हो जाएगी।