जिला संयुक्त चिकित्सालय में सोमवार को डीएम जीएस प्रियदर्शी ने छापेमारी कर रोगियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन सौ बेड के महिला अस्पताल और ट्रामा सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान डीएम से सीएमएस डा. वीके सिंह और एसीएमओ डा. गणेश प्रसाद ने वादा किया कि 15 जनवरी, 16 तक बर्न यूनिट और प्लास्टिक सर्जरी शुरू हो जाएगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी देख डीएम भड़क गए।
पूर्वाह्न करीब 11 बजे अचानक जिलाधिकारी स्वास्थ्य सेवाओं व भवनों के निर्माण, हैंडओवर की हकीकत जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधाीन ट्रामा सेंटर, सौ बेड के मातृत्व हास्पिटल को देख सीडीओ को निर्माण कार्य के प्रयोग में लाई जा रही ईंट, सरिया, सीमेंट व बालू आदि की टेस्टिंग कराने का निर्देश दिया।
डीएम ने एसीएमओ डा. गणेश प्रसाद और सीएमएस डा. वीके सिंह से बर्न यूनिट शुरू न होने के बारे मेें पूछा तो दोनों अधिकारियों ने 15 जनवरी, 16 तक बर्न यूनिट शुरू कराने का आश्वासन दिया।
डीएम ने जिला क्षय रोग अधिकारी दफ्तर में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था न होने पर नाराजगी जताई और सीएमएस को अस्पताल परिसर की जल निकासी योजना बनाकर जल जमाव दूर करने, पाइप लाइनों के रिसाव, पार्किंग व अन्य खामियों को 15 दिन के अंदर दूर करने की हिदायत दी।
आंख आपरेशन परिसर के शौचालय से आ रही बदबू से नाराज जिलाधिकारी संबंधितों को आंख आपरेशन के लिए जिम्मेदार नोडल अधिकारी/सीएमओ के खिलाफ शासन स्तर पर पत्राचार कराने के निर्देश दिया।
तीमारदारों के बैठने की व्यवस्था कराने के निर्देश देते हुए रैन बसेरा को बेहतर तरीके से क्रियाशील करने की हिदायत दी। एनआईसीयू, स्वास्थ्य पेयजल आरओ सिस्टम, थ्री सिस्टम डस्टविन, आपरेशन थियेटर, दवा वितरण कक्ष व मरीजों के वार्डों को देख सीएमएस को निर्देशित किया कि लगातार ड्यूटी में रुचि न लेने वाले गैरहाजिर चिकित्सकों के सेवा समाप्ति के संबंध में शासन स्तर पर पत्राचार करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ महेंद्र सिंह, सीएमएस डा. वीके सिंह, एसीएमओ डा गणेश प्रसाद व सूचना विभाग के नेसार अहमद आदि मौजूद रहे।