रिहंद में कूदी महिला को रेस्क्यू करके ले जाती पुलिस
रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र में सोमवार को पारिवारिक कलह से आजिज आकर आरती (30) ने रिहंद बांध के सामने श्मशान घाट से रेणु नदी में छलांग लगा दी। दोपहर लगभग 12 बजे हुई इस घटना के बाद पास में ही मौजूद युवक कुबेर उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। पानी के तेज बहाव के बीच करीब चार किमी तक ट्यूब लेकर नदी में तैरते हुए कुबेर ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
एसओ सत्येंद्र राय ने बतायाकि पिपरी नगर के वार्ड निवासी आरती का सोमवार को किसी बात पर पति से विवाद हो गया। कहासुनी के बाद वह गुस्से में घर से निकली और बांध के सामने स्थित श्मशान घाट से रेणु नदी में छलांग लगा दी। बांध पर बनी सभी छह टरबाइनों के चालू होने से नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। विवाहिता तेजी से पानी में बहने लगी। इसी दौरान घाट के पार मौजूद युवक कुबेर की नजर पड़ी। कुबेर ने तत्काल ट्यूब लेकर नदी में छलांग लगा दी। उसने महिला का पीछा किया और लगभग एक घंटे में चार किमी दूरी पर जाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पीछे से आ रही नाव पर उसे चढ़ाया।
सूचना पर पुलिस टीम भी सक्रिय हो गई। हिंडाल्को के समीप रिवर साइड पर मौजूद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटनास्थल पर चौकी प्रभारी राजेश चौबे, जीके मदान, अनिल कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने युवक कुबेर की बहादुरी की सराहना की। एसओ ने बताया कि महिला का जीवन खतरे से बाहर है। मामले की छानबीन की जा रही है।