एनटीपीसी बीजपुर प्रशासनिक भवन के सामने धरने पर बैठा एक कुनबा
- फोटो : SONBHADRA
बभनी। गुरुवार की सुबह एनटीपीसी रिहंद परियोजना के प्रबंधन गेट पर विस्थापित राम शुभग पाल निवासी शांतिनगर बीजपुर का पूरा परिवार महिलाओं समेत धरने पर बैठ गया। विस्थापित राम शुभग पाल का कहना है कि वे परियोजना द्वारा विस्थापित हैं फिर भी उनके साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।
उनका आरोप है कि तीन साल पूर्व उन्हें परियोजना द्वारा 60 वर्ष के बाद ओवरऐज दिखाकर उनका रोजगार छीन लिया गया। इसके बाद वे परियोजना प्रबंधन से लगातार तीन वर्षों से अपनी बहू को रोजगार पर रखने के लिए गिड़गिड़ा रहे हैं पर प्रबंधन मौन है। प्रबंधन द्वारा उनकी बहू को कभी मेडिकल अनफिट कहकर टरका दिया जाता है तो कभी बाद में आने की बात कहकर उनकी बात को अनसुना कर दिया जाता है। थक हार कर गुरुवार की सुबह सपरिवार धरने पर बैठ गए। प्रबंधन गेट पर धरने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सहित एनटीपीसी प्रबंधन तत्काल हरकत में आ गईं। मामले की सूचना पर मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक बीजपुर श्याम बहादुर यादव ने विस्थापित परिवार को समझा-बुझाकर धरने से उठाया। उधर इस बाबत एनटीपीसी सीएसआर के प्रबंधक अरविंद शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने कहा कि हम सुप्रीम कोर्ट के द्वारा जारी विस्थापन नीति के तहत काम कर रहे हैं।