म्योरपुर विकास खंड सभागार में सोमवार को नवनिर्वाचित प्रधानों की बैठक हुई। इसमें जिला पंचायत राज अधिकारी ने विकास के साथ ही कोरोना से बचाव के लिए जागरूकता और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की बात कही।
जिला पंचायत अधिकारी विशाल सिंह ने कहा कि निगरानी समितियां गांव के लोगों को कोरोना को लेकर जागरूक करें। बीमार लोगों का चिकित्सालय में इलाज कराने के लिए प्रेरित किया जाए। कहा कि गांव के पंचायत भवन तथा सामुदायिक शौचालय की स्वच्छता पर ध्यान दें। लोग शौचालय का इस्तेमाल करें, इसके लिए उन्हें प्रेरित किया जाए। कहा कि कुछ पूर्व प्रधान हैं जो अनुभवी हैं। नए प्रधानों को उनसे मदद मिल सकती है। बैठक में एडीओ पंचायत अजय सिंह ने कहा कि ग्राम प्रधान अपने गांव में मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाएं तथा कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस मौके पर संगीता देवी, करोड़पतिया देवी, शीतल देवी, गणेश जायसवाल, रामदयाल, उमेश कुमार, सुरेंद्र कुमार रवानी मौजूद रहे।