अनपरा। एनसीएल ककरी परियोजना में विगत दिनों जले कोल हैंडलिंग प्लांट के मामले में गाजियाबाद से आई सुरक्षा महानिदेशालय मैकेनिकल विभाग की टीम बुधवार को ककरी परियोजना का दौरा की। संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों से दिन भर पूछताछ हुई। 16 नवंबर की रात्रि ककरी परियोजना के कोल हैंडलिंग प्लांट में अचानक आग लग गई थी। इससे कोल हैंडलिंग प्लांट पूरी तरह से जल गया था। घटना से परियोजना को करोड़ों रुपये केे नुकसान सहित कोल डिस्पैच का कार्य प्रभावित हो गया है।
घटना के एक सप्ताह बाद भी जांच जारी है। बुधवार को सुरक्षा महानिदेशालय मैकेनिकल विभाग गाजियाबाद से आए डिप्टी डायरेक्टर आफ माइंस सेफ्टी साकेत कुमार की टीम ने घटना स्थल का जायजा लिया। अधिकारियों व कर्मचारियों सहित संविदा कर्मियों से भी घंटों पूछताछ की। इससे परियोजना के अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा। पूरे मामले में क्षेत्रीय सहित एनसीएल मुख्यालय की टीमें भी जांच कर रही हैं, ताकि घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। अभी तक जांच में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर तीन फोरमैनों को निलंबित किया जा चुका है। ऐसे में घटना के लिए जिम्मेदार अन्य अधिकारियों में भी हड़कंप मचा है। डिप्टी डायरेक्टर आफ मांइस सेफ्टी साकेत कुमार के अनुसार सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। जो भी दोषी होंगे उनके खिलाफ एनसीएल प्रबंधन कठोर कार्रवाई करेगा।