शक्तिनगर। एनसीएल जयंत कोयला क्षेत्र के फील्ड वर्कशाप के पास स्थित इंडियन ऑयल के टैंक के वाल्व से लगी पाइप चोरों ने गुरुवार की रात काट दिया। इससे टैंक में मौजूद करीब 30 हजार लीटर डीजल नाले में बह गया।
आईओसी के अधिकारियों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। हालांकि इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एनसीएल क्षेत्र में कबाड़ चोरों का दबदबा लंबे वक्त से कायम है। हालिया घटनाक्रम के मुताबिक आधी रात के बाद करीब आधा दर्जन कबाड़ चोर जयंत परियोजना के खदान में चोरी की नीयत से घुस गए। सुरक्षा कर्मियों को भनक लगी तो घेरबंदी शुरू कर दिया।
बताते है कि हथियारों से लैस चोरों से बचने के लिए सुरक्षा गार्डो ने हवाई फायरिंग भी किया। इसी दौरान चोर गिरोह परियोजना में मौजूद आईओसी के तेल भंडारण टैंक तक पहुंच गया और एक सेफ्टी वाल्व को खोलन के साथ वाल्व से जुड़ी पाइप को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद चोर जंगल के रास्ते फरार हो गए। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं है। कहा जा रहा है कि तेल टैंक के वाल्व को खोलने के पीछे चोरों का मकसद किसी के समझ में नहीं आ रहा है। इस मामले में एनसीएल के टोटल फ्यूल मैनेजमेंट (टीएफएम) को केंद्र में रखकर जांच शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि इस घटना से एनसीएल को करीब 20 लाख की क्षति पहुंची है।
एनसीएल के प्रवक्ता सीरज कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार देर रात जयंत खदान क्षेत्र में कुछ लोग चोरी की नीयत से खदान घुसे थे। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने हवाई फायरिंग की तो चोर आइओसी के तेल टैंक के ओर भागे। कुछ देर बाद चोरों ने आईओसी टैंक के सेफ्टी वॉल्व को खोलकर भाग गए। फिलहाल टैंक की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है।