धरने पर बैठे सपा नेता और कार्यकर्ता।
जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव के खिलाफ गुरुवार को होने वाले अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा से पूर्व ही बुधवार को अध्यक्ष के साथ सपा के दो पूर्व विधायक, जिलाध्यक्ष समेत कार्यकर्ता राबर्ट्सगंज कोतवाली में शाम करीब पौने सात बजे धरने पर बैठ गए।
सीओ सिटी विवेकानंद तिवारी पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। कहा कि सीओ तीन दिनों से अध्यक्ष को फोन कर रहे थे। सीओ का कहना था कि उन पर अपहरण का केस दर्ज हुआ है और वे कोतवाली पहुंचकर बयान दर्ज कराएं। उधर, घोरावल पुलिस ने मुकदमा दर्ज होने से इनकार किया है। वार्ता के बाद धरना खत्म हो गया। उधर देर रात एएसपी,सीओ व कोतवाल जिला पंचायत पहुंचे थे।
जिला पंचायत में कुल 33 सदस्य हैं। हाल में ही करीब 17 सदस्यों ने जिलाधिकारी को पत्र देकर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की मांग उठाई थी। इस पर डीएम ने 12 अक्तूबर को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की तिथि मुकर्रर कर दी। इसके बाद जिले में राजनीति उथल-पुथल शुरू हो गई। बुधवार को राजनीति उस समय गरमा गई जब जिला पंचायत अध्यक्ष अनिल यादव, पूर्व विधायक अविनाश कुशवाहा, रमेश दूबे, जिलाध्यक्ष विजय यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष श्याम बिहारी यादव, महासचिव हिदायत उल्ला खां समेत दर्जनों सपा कार्यकर्ता शाम राबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे। यहां अनिल यादव ने आरोप लगाया कि सीओ सिटी विवेकानंद तिवारी ने दोपहर से उन्हें कई बार फोन किया और कहा कि उनके खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ है। वे कोतवाली पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराएं। कहा कि गुरुवार को अविश्वास पर चर्चा होनी है। ज्यादातर सदस्य उनके साथ हैं लेकिन पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में अपनी हनक दिखा रही है। शक्तिनगर थानाध्यक्ष पर भी सदस्यों को अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया-। इसी दौरान सीओ विवेकानंद वहां पहुंच गए। सपा नेताओं और सीओ में कुछ देर वार्ता हुई। इसमें सीओ ने कहा कि उन्होंने अध्यक्ष को सिर्फ दो बार फोन किया और कहा कि उनके खिलाफ घोरावल कोतवाली में केस दर्ज हुआ है। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें ऐसा लगा कि उन पर दबाव बनाया जा रहा है। दोनों पक्षों के वार्ता के बाद अध्यक्ष समेत सपा नेता वहां से लौट गए। एसपी आरपी सिंह का कहना है कि घोरावल क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य कलावती गायब थी। उसके पति ने घोरावल कोतवाली में अध्यक्ष के खिलाफ तहरीर दी थी। लेकिन इस मामले में कोई केस दर्ज नहीं है। कलावतीपुलिस के संपर्क में है।
उसके आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।