फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: धनतेरस आज, पिछले साल से 20 फीसदी ज्यादा कारोबार की उम्मीद

विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज में गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा की खरीदारी करती युवतियां। संवाद
विज्ञापन
सोनभद्र। पांच दिवसीय दीपोत्सव की शुरुआत शुक्रवार से होगी। धनतेरस को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ गई है। सराफा, बर्तन, कपड़ा, इलेक्ट्रॉनिक्स और ऑटोमोबाइल बाजार सजकर तैयार हैं। दुकानदार ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के ऑफर और छूट दे रहे हैं। पिछले वर्ष धनतेरस पर जिले में 155 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ था। इस बार इसमें 20 फीसदी से अधिक वृद्धि की उम्मीद जताई जा रही है। धनतेरस पर धातु से बने सामानों की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इसी परंपरा के चलते बर्तन और सराफा बाजार में खास रौनक है। ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों पर भी ग्राहक मनपसंद मॉडल, रंग और डिजाइन की जानकारी लेने के साथ बुकिंग करा रहे हैं। रॉबर्ट्सगंज के रामलीला मैदान से लेकर मेन चौक, साईं चौक और धर्मशाला चौराहे तक बाजारों में खरीदारों की चहल-पहल बनी हुई है। दुकानदारों ने ग्राहकों की जरूरत और बजट को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग रेंज के सामान उपलब्ध कराए हैं। उधर, दीपावली को लेकर मिट्टी के दीपक, मोमबत्ती, रंग-बिरंगी झालर, मिठाई, पूजा सामग्री और सजावटी सामान की दुकानें भी सज गई हैं। घरों को रोशन करने के लिए बिजली की झालरों और आकर्षक लाइटों की मांग बढ़ रही है। बच्चों के लिए खिलौनों और पटाखों की दुकानें भी तैयार हैं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल जैन ने बताया कि पिछले वर्ष धनतेरस पर 155 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ था। इस बार बाजार में लोगों का उत्साह देखते हुए कारोबार में 20 फीसदी से अधिक वृद्धि की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें