राबर्ट्सगंज में राणी सती दादी के जन्मोत्सव पर कलश शोभा यात्रा में शामिल महिलाएं।
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। इतने सेठ जहां में मौज उड़ाते हैं, उन्हीं से पूछो कहां से लेकर आते हैं। पता लगाया हमने उनके बारे में, पता चला ये अक्सर झुंझनू जाते हैं। बुधवार की शाम मंगसिर नौमी पर स्थानीय श्री राणी सती दादी के मंदिर परिसर में जब भजन गायक संजीव शर्मा ने ये भजन सुनाया तो वहां उपस्थित भक्त झूम उठे। उनके पांव अपने आप थिरकने लगे।
बुधवार को शाम से शुरू हुए दो दिवसीय आयोजन के तहत रात्रि जागरण के साथ ही दादी की ज्योति जलाई गई। छप्पन भोग एवं भजन, कीर्तन हुुआ। रात्रि तक चले भजन कार्यक्रम में संजीव शर्मा सहित प्रतीक मिश्रा, रोहित तिवारी, ममता जालान, रितु जालान और रिंकी जालान आदि ने उपस्थित भक्तों को तनधन बाबो सेठ म्हारी नारायणी सेठानी है। ओ मैया मैं तुम्हारा लगता नहीं कोई पर जितना दिया तूने देता नहीं कोई आदि भजनों से सभी को मोह लिया। इस मौके पर दादी के भक्तों ने भक्ति भाव से पूजन अर्चन किया एवं दादी की महिमा का बखान किया। ओमप्रकाश जालान ने कहा कि ऐसा कोई कार्य नहीं है जो दादी के पूजन अर्चन से न हो। पुरुषोत्तम जालान ने कहा कि दादी की महिमा अपरंपार है। दादी अपने भक्तों के संकट में हमेशा उनके साथ रहती हैं और संकट को दूर करती हैं। श्री राणी सती दादी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विमल जालान ने कहा कि कभी-कभी दादी अपने भक्तों की परीक्षा भी लेती हैं और उनके सामने छोटे मोटे संकट उत्पन्न करती हैं लेकिन यदि भक्त सच्चे मन से उन्हें पुकारता है तो उस संकट को दूर भी करती हैं। यहां रविंद्र केशरी, दिनेश जालान, रमेश गोयल, राकेश जालान, नितेश जालान, नीरज जालान, ओमप्रकाश शर्मा, मीरा जालान, पंकज कनोडिया, रवि सराफ, मनोज परशुरामपुरिया, अमित जैन, बुलबुल जालान, रुक्मिणी जालान, रानी जालान, संतोष जालान, किरन जालान, सपना जालान, ममता जालान मौजूद रहे।