रॉबर्ट्सगंज संकट मोचन हनुमान मंदिर में सजी भव्य प्रतिमा। संवाद
रेणुसागर। अनपरा नगर के वार्ड नंबर छह स्थित अटल नगर औड़ी मोड़ पर महाविद्यालय मार्ग के किनारे मां दूराशनी मंदिर परिसर में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हनुमान चालीसा युवा ग्रुप के संयोजन में आयोजित कार्यक्रम में सुंदरकांड पाठ, सामूहिक हनुमान चालीसा और महाआरती हुई। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन संयोजक विनय मिश्रा ने बताया कि शनिवार दोपहर दो बजे मंदिर के पुजारी राजदेव पांडेय ने विधि-विधान से हनुमान जी का अभिषेक कराया। इसके बाद बजरंगबली का शृंगार कर भोग अर्पित किया गया। मुख्य यजमान के रूप में बबलू सिंह और सतेंद्र यादव मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान सामूहिक पाठ से मंदिर परिसर जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयकारों से गूंज उठा। हनुमान चालीसा युवा ग्रुप के अध्यक्ष रवीजीत सिंह कंग ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी संस्कृति और सनातन धर्म से जोड़ना तथा क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। संध्या बेला में हनुमान जी की महाआरती की गई। इसके बाद भंडारा शुरू हुआ। इसमें अनपरा बाजार, काशी मोड़, औड़ी मोड़ और बजरंग नगर समेत आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को सफल बनाने में ग्रुप के शैलेंद्र सिंह, रतन गुप्ता, सुदिष्ट मिश्रा, केके श्रीवास्तव, सोनू पांडेय, अजय सिंह और कोषाध्यक्ष अंगद पाठक ने सक्रिय भूमिका निभाई।