फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: आदिवासी मनाते हैं दीपपर्व की अनूठी परंपरा, देवउठनी एकादशी पर घर-आंगन में जगमगाते हैं दीप

विज्ञापन
आदिवासियों का पूजन स्थल (पेनठाना)। - संवाद
विज्ञापन
सोनभद्र। देशभर में कार्तिक अमावस्या पर दीपावली मनाई जाती है, लेकिन सोनभद्र के आदिवासी समाज का एक बड़ा हिस्सा देवउठनी एकादशी पर दीपपर्व मनाता है। इस दिन जगत के पालनहार की पूजा गोरया बाबा, शक्ति की आराधना देवगन गुरु और देवों के देव बड़ादेव के रूप में की जाती है। घर का मुखिया पूरे दिन व्रत रखता है और शाम को खुद प्रसाद तैयार कर पूजन की परंपरा निभाता है। आदिवासी समाज में वर्षों से चली आ रही इस परंपरा के तहत देवोत्थान एकादशी को दीपोत्सव के साथ प्रकृति पूजा के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन श्रीहरि विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। आदिवासी समाज इस अवसर पर अपने आराध्य के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ उन पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों के प्रति भी आभार जताता है, जो पूरे साल जीवन और पोषण देने में सहयोग करते हैं। इस पर्व को सिद्धि के पर्व के रूप में भी मनाया जाता है। झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की सीमा से सटे सोनभद्र के दक्षिणांचल के 47 गांवों में यह परंपरा निभाई जाती है। दुद्धी तहसील क्षेत्र के खोतोमहुआ, बभनी, घघरी, सैगोड़ा, खैरा, घघरा, करकच्छी, सालेनाग, कुसुम्हा, गोविंदपुर, मनबसा, खैराही, गंभीरपुर, रासपहरी, बलियरी, कुंडाडीह, सुपाचुआ, खेतारी, जामपानी, नवाटोला, परनी, काचन, करहिया, भलही, बभनडीहा, किरविल, आरंगपानी, बरवाटोला, चांगा, लिलासी, नौडिहा, कुदरी, फरीपान, खैरटिया, मधुबन, बरहपान, करछा, सांगोबांध, सांवाकुड़, कुड़पान, अहिरगुड़वा, मनरूटोला, नधिरा, बखरिहवां, पिपरहर, पिसवा और झापर गांवों में आदिवासी परिवार इस परंपरा से जुड़े हैं। इन गांवों की 25 प्रतिशत से अधिक आदिवासी आबादी में गोंड, खरवार, पनिका, बैगा, चेरो, पठारी और भुइयां सहित अन्य जनजातियों के लोग शामिल हैं। आदिवासी समाज में पहले देवोत्थान एकादशी पर ही दीपपर्व मनाने की परंपरा थी। समय के साथ दीपावली पर भी त्योहार मनाने का चलन शुरू हुआ। इसे सोहराई पर्व के रूप में मनाया जाने लगा। यह घर में नया अन्न आने की खुशी में मनाया जाने वाला त्योहार है। जो परिवार दीपावली पर दीपपर्व नहीं मनाते, वे देवोत्थान एकादशी पर दीपोत्सव जरूर मनाते हैं। वहीं, दीपावली पर किसी कारण से पर्व नहीं मना पाने वाले परिवार भी एकादशी को दीप जलाकर प्रकृति के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। पर्व के दिन घर का मुखिया पूरे दिन व्रत रखता है। शाम को शकरकंद का सेवन करता है। देवता के लिए चावल के आटे का रोट और गुड़ से खीर तैयार की जाती है। घर के आंगन और देवस्थल पेनठाना (बड़ादेव, बूढ़ा देव, गोत्रदेव सहित अन्य देवताओं का स्थान) पर विशेष पूजन होता है। बैल, गाय, बकरी सहित अन्य पशुओं को नहलाकर विशेष खाद्य पदार्थ खिलाए जाते हैं। पूजा में अलग-अलग परंपराओं के अनुसार वस्त्र निर्धारित हैं। सात्विक पूजा में सफेद वस्त्र पहनकर नारियल चढ़ाया जाता है, जबकि तामसिक पूजा में लाल वस्त्र पहनकर लाल या काला मुर्गा चढ़ाने की परंपरा है। पशु-पक्षियों और पेड़-पौधों के प्रति भी विशेष श्रद्धा जताई जाती है, क्योंकि इन्हें जीवन और पोषण का आधार माना जाता है। सामान्य तौर पर देवउठनी एकादशी श्रीहरि विष्णु के योगनिद्रा से जागने की खुशी में मनाई जाती है। आदिवासी समाज इस दिन पालनहार की पूजा गोरया बाबा के रूप में करता है। राजगोंड, जिनकी पहचान जमींदार के रूप में बताई जाती है, इस दिन अस्त्र-शस्त्रों का पूजन करते हैं और देवता को घी अर्पित करते हैं। बचे हुए घी को गाय, भैंस, बकरा-बकरी सहित अन्य पशुओं के सींगों पर लगाया जाता है। शाम को देवस्थल और घर के दरवाजे पर घी का बड़ा दीपक जलाया जाता है। घर और गली को तेल के दीपों से रोशन करने की परंपरा है। इस दिन देवता को कोया यानी महुआ के फूल चढ़ाने का भी विशेष महत्व है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें