करमा। स्थानीय ब्लॉक सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत बोर्ड की बैठक हुई। ब्लॉक प्रमुख सीमा देवी की अध्यक्षता में विकास कार्यों पर चर्चा हुई। इस दौरान क्षेत्र में पेयजल, प्रकाश, नाली और स्वच्छता समेत अन्य कार्यों के लिए 20 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक में अभी तक क्षेत्र पंचायत से कराए गए विकास कार्यों पर चर्चा के साथ आगामी कार्ययोजना की रूपरेखा तैयार की गई। इस दौरान सदस्यों से भी प्रस्ताव लिए गए। बीडीओ गुरु शरन श्रीवास्तव ने बताया कि करीब 20 करोड़ का प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत की बैठक में मंजूर किया गया।
इसमें मनरेगा से 13 करोड़, राज्य वित्त आयोग से दो करोड़, पंद्रहवां केंद्रीय वित्त आयोग से दो करोड़, सांसद निधि से एक करोड़, विधायक निधि से एक करोड़, डीएफएम से एक करोड़ का प्रस्ताव क्षेत्र पंचायत की तरफ से मंजूर किया गया। उन्होंने बताया कि ब्लॉक में प्रकाश, पानी की व्यवस्था, स्वच्छता का काम प्राथमिकता के आधार पर होगा।
एडीओ, आईएसबी अनंत सिंह ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन योजना से महिलाओं के उत्थान के लिए ऋण उपलब्ध करवाकर स्वावलंबी बनाने की बात कही। एडीओ पंचायत बृजेश कुमार सिंह ने सामुदायिक शौचालय, व्यक्तिगत शौचालय, आरआरसी सेंटर आदि के बारे में जानकारी दी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मुन्ना प्रसाद ने बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों एवं उससे बचाव के बारें में बताया। पशु चिकित्सक आनंद कुमार मौर्य ने पशु बीमा, मेरी नंदिनी योजना आदि की जानकारी दी। बोर्ड की बैठक में मुख्य रूप से रामअधार, श्यामबिहारी, लेखाकार अजय कुमार, राजबहादुर, अनुज त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। संचालन विंध्यवासिनी मिश्र लहरी ने किया।