सोनभद्र के नगवां ब्लॉक कार्यालय पर ग्राम रोजगार सेवकों ने पाठ वाला विरोध दर्ज किया और अधिकारियों की शिथिलता की ओर ध्यान आकृष्ट कराने का प्रयास किया।इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और कहा गया कि हमारा मानदेय जल्द भुगतान हो।
सोनभद्र के वैनी में नगवां ब्लॉक कार्यालय पर रोजगार सेवकों ने प्रदर्शन कर अपनी मांग रखी। कहा जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण जिले में सैकड़ों कर्मचारियों की दीपावली अंधेरे में मनेगी। इससे उनमें जिम्मेदारों के प्रति काफी नाराजगी देखी जा रही है। मानदेय का भुगतान नहीं होने से आक्रोशित ग्राम रोजगार सेवकों ने अनोखा प्रदर्शन किया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। रोजगार सेवक संघ के प्रदेश सचिव प्रभात सिंह चंदेल के नेतृत्व में बीडीओ नगवां कार्यालय के समक्ष हनुमान चालीसा का पाठ किया।
विज्ञापन
श्रीराम स्तुति भी की। इसके बाद छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन बीडीओ राजकिशोर सिंह को सौंपा और मांग की कि जल्द से जल्द मानदेय का भुगतान किया जाए। प्रभात सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से ग्राम रोजगार सेवकों के मानदेय वृद्धि और एचआर पालिसी लागू किये जाने के साथ ही अन्य मांगो पर घोषणा किये जाने के बावजूद ग्राम रोजगार सेवकों की लगातार उपेक्षा की जा रही है। रोजगार सेवकों को मानदेय नही मिलने के कारण उनके घर में अंधेरा रहेगा।
जिला मंत्री रोहित यादव, संरक्षक वीरेन्द्र कुमार ने आरोप लगाया कि ब्लॉक स्तर पर रोजगार सेवकों का स्थानीय जिम्मेदार लोगों द्वारा कूट रचित तरीके से ग्राम रोजगार सेवकों पर फर्जी कार्रवाई कर लगातार परेशान किया जा रहा है। फाइलों को दरकिनार कर बार-बार परेशान करने और धन उगाही का आरोप लगाया है। ब्लॉक अध्यक्ष श्याम बिहारी चौबे, रामानंद पासवान, सतीश चौबे, नंदलाल, उमेश कुमार, राम सजीवन, बाबूलाल, सूरज प्रसाद, प्रेमचंद्र गौतम मौजूद आदि रहे।