राबर्ट्सगंज नगर में स्थित नवीन सब्जी मंडी परिसर में स्थित धान क्रय केंद्र पर किसानों की पांच सूत्री मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुई तो वृहद आंदोलन किया जाएगा।
वक्ताओं ने कहा कि केंद्रों पर खड़े समस्त ट्रैक्टर-ट्रालियों पर लदे धान को प्राथमिकता से खरीदा जाए। धान खरीद के दौरान बोरी सहित 40.700 किग्रा की खरीद सुनिश्चित हो। अब तक लिए गए धान खरीद में प्रतिबोरी 500 ग्राम की अतिरिक्त धान खरीद का पैसा किसानों को मिले। कहा कि पूर्व में कई बार संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रदर्शन में संतोष पटेल, विकास, गुलाब सिंह, ओम प्रकाश, राजीव कुमार, कौशल कुमार, पुष्पराज, अचल नरायण, बैजनाथ व मुकेश आदि किसान मौजूद रहे।