छत्तीसगढ़ से यूपी में ओवरलोड बालू के परिवहन और अवैध खनन पर रोक लगाने की मांग को लेकर तीसरे दिन सोमवार को भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने बार्डर के धनवार चेक पोस्ट पर धरना दिया। प्रदर्शन के चलते ट्रकों के पहिये थमे रहे। छत्तीसगढ़ की सीमा पर बालू लोड कर सैकड़ों ट्रक खड़े हैं।
वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न खदानों से बालू ओवरलोडिंग का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। यूपी के विभिन्न स्थानों पर ओवरलोड बालू का परिवहन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की सीमा पर तैनात पासर यूपी के वन विभाग खनन विभाग, पुलिस का जिम्मा लेकर गाड़ियों को पार करा रहे हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद ओवरलोड बालू परिवहन को रोकने में जिला प्रशासन नाकाम है। शनिवार को आसनडीह में ओवरलोडिंग पर कार्रवाई के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रकों को रोक दिया था। धरना का नेतृत्व पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज देव सिंह कर रहे हैं। धरने में नवनीत सिंह देव, उमेश सिंह, प्रभात तिवारी, जितेंद्र गुप्ता, अमर सिंह देव, गौरव चौबे, महेश जायसवाल, शंकर जायसवाल, विकास, दिलीप प्रताप सिंह, बृज सिंह, प्रीतम सिंह राजू आदि शामिल रहे।