सदर कोतवाली क्षेत्र में फर्जी एआरटीओ बनकर वाहन स्वामियों से रुपये छीनने वाला गिरोह सक्रिय है। तीन दिन पूर्व एआरटीओ बनकर एक बाइक सवार से गिरोह के सदस्य पांच हजार लेकर फरार हो गए। मामला संज्ञान में आने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सोमवार को पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया गया।
पुलिस ने बताया कि चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर निवासी कमलेश मौर्या ने तहरीर देकर अवगत कराया है कि 15 जुलाई की रात करीब 10.30 बजे अपनी पत्नी रीता देवी के साथ डाला वैष्णो मंदिर दर्शन करने जा रहा था। रास्ते में तीनताली गांव के समीप राजमार्ग पर काले रंग की स्कार्पियो खड़ी थी। उसके बाहर खड़े तीन युवकों ने उनकी बाइक को रोक कर वाहन का कागजात तथा आधार कार्ड आदि प्रपत्र की मांग करने लगे। उसने पूछा कि आप लोग कौन है तो एक व्यक्ति खुद को एआरटीओ और दूसरे व्यक्ति ने सिपाही बताया। बोले कि पेपर दिखाओ नहीं तो तुम्हारी गाड़ी का चालान कर सीज कर दी जाएगी। कमलेश का कहना है कि उसने अपनी जेब से आधार कार्ड व दो हजार की दो नोट और पांच-पांच सौ की दो नोट एक प्लास्टिक के पैकेट में रखा था निकाल कर दिखाने लगा तो दोनों ने मुझसे आधार कार्ड व पांच हजार रुपये ले लिया और गाली देते हुए फरार हो गए। कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडेय ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर खोजबीन की जा रही है। कहा कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जल्द ही आरोपियों को धर दबोचा जाएगा।