मथुरा में सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले के विरोध में सोमवार को आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रेषित किया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रदेश में अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक समाज के गरीब, कमजोर लोगों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार हो रही हैं। सरकार इन घटनाओं को रोक नहीं पा रही।
मथुरा में पंद्रह दिन के अंदर तीन स्थानों पर ऐसी घटनाएं हुई है। सिर्रेला थाना के मॉट में युवक की हत्या और करनावल थाना रिफाइनरी में युवती की शादी से पहले घराती एवं बरातियों के साथ हुई मारपीट समेत अन्य घटनाओं की निंदा की।
कहा कि इन घटनाओं में पीड़ित परिवारों के यहां 28 फरवरी को जब भीम आर्मी के चीफ एवं आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पहुंचे तो उन पर सुनियोजित तरीके से हमला किया गया।
मांग की कि प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को कलेक्ट्रेट गेट पर ही रोक दिया गया था। इस मौके पर कमलेश, विनोद, रोशन राव, हीरालाल, राहुल, चंद्रशेखर, अमरेश, हरिशंकर, विष्णु आदि शामिल रहे।