सांगोबांध। म्योरपुर ब्लॉक के सांगोबांध- म्योरपुर मार्ग के मनरुटोला मुख्य मार्ग की खस्ताहाल सड़क का निर्माण कराने तथा मनरुटोला पांगन नदी स्थित श्मशान घाट के पास यूपी सीमा में बालू के खनन रोकने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने खनन तथा परिवहन विभाग के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अविलंब बालू खनन और ओवरलोड वाहनों के परिवहन पर रोक लगाने की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन, परिवहन व पुलिस की मिलीभगत से पांगन नदी में रात 10 बजे से चार बजे भोर तक यूपी वाले क्षेत्र से पोकलेन से खनन किया जा रहा है। आरोप लगाया कि यूपी सीमा में बालू खनन कर वहां से थोड़ी दूर छत्तीसगढ़ सीमा में डंप किया जा रहा है। आरोप लगाया कि मनरुटोला से म्योरपुर के बीच लाखों रुपये की लागत से साल भर पहले बनी सड़क खराब हो गई है। इसके चलते लोगों को म्योरपुर अस्पताल और ब्लॉक जाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने बालू खनन पर रोक लगाकर सड़क निर्माण की मांग की। प्रदर्शन करने वालो में सुरेश, राम प्रसाद, वासुदेव, बद्रीनारायण, महेंद्र, राजेश, रामप्रकाश, सीताराम, संतोष आदि शामिल रहे।