बीना में मृतका की पत्नी को चेक प्रदान करते बीना परियोजना के अधिकारी
- फोटो : SONBHADRA
शक्तिनगर। एनसीएल बीना कोयला क्षेत्र में बिजली मरम्मत के दौरान बुधवार रात ऊंचाई से गिर कर घायल इलेक्ट्रीशियन की मौत पर शुक्रवार को हंगामा खड़ा हो गया। ग्रामीणों व परिजनों के साथ साथी कामगारों ने मृतक का शव बीना महाप्रबंधक कार्यालय के सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। जानकारी के बाद प्रबंधन व पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मृतक आश्रित के लिए मुआवजा व नौकरी की मांग को लेकर शुरू प्रदर्शन की जानकारी पर कोल प्रबंधन के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ लेकिन बात नहीं बनी। स्थिति को भांप अफसरों ने मुआवजा राशि का चेक, अंतिम संस्कार के लिए पचास हजार नगद दिया तब जाकर मामला शांत हुआ। बताते चलें कि बीना परियोजना के खदान क्षेत्र स्थित सीआईएसएफ कैंप में बुधवार रात्रि जिराफ मशीन के माध्यम से बिजली दुरुस्त कर रहे संविदाकर्मी भगवान दास ( 24) निवासी रेहटा अनजान वजह से नीचे गिर जाने से गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल युवक को बीना परियोजना अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। होश न आने पर घायल को वाराणसी के लिए रेफर कर दिया लेकिन युवक की रास्ते में मौत हो गई। मौत की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रेहटा गांव के निवासियों के साथ रोते बिलखते परिजन शुक्रवार सुबह बीना परियोजना मुख्य महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे और शव रखकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी मुआवजा एवं एक परिवार के व्यक्ति को ओबी कंपनी में कार्य देने के साथ घटना की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग पर प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। मौके पर पहुंची ने पुलिस पीड़ित परिवार को बीना परियोजना प्रबंधन से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश मिश्रा ने बताया कि घटना से संबंधित पहलुओं की जांच शुरू कर दी गई है।
इनसेट:
नगदी के साथ दिया चेक, नौकरी का भरोसा
शक्तिनगर। शव हटाए जाने के बाद पीड़ित परिवार /परियोजना प्रबंधन/पुलिस प्रशासन के बीच हुई त्रिस्तरीय वार्ता के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा के रूप में आठ लाख 73 हजार 880 रुपये का चेक, 50 हजार रुपये नगद दाह संस्कार के लिए एंव मृतक के परिवार के एक सदस्य संविदा पर नौकरी देने का आश्वासन दिया गया तब जाकर धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस दौरान एनसीएल बीना परियोजना स्टाफ अधिकारी कार्मिक पीके त्रिपाठी, पीड़ित परिवार के सदस्यों के साथ विस्थापित नेता अंकुश दुबे,ओम प्रकाश दुबे, गैबी नाथ यादव, मनोनीत रवि, राकेश पनिका, दया सागर दुबे सहित काफी लोग मौजूद रहे।