वैनी। नगवां ब्लाक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी के अधीक्षक के खिलाफ अब आशाएं भी लामबंद हो गई हैं। बृहस्पतिवार को अधीक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए आशाओं ने प्रदर्शन किया। इससे पहले करीब 20 एएनएम व अन्य कर्मियों ने अधीक्षक के खिलाफ विभागीय अधिकारियों को पत्र सौंपा था।
प्रदर्शन में शामिल आशा व संगिनी का कहना था कि केंद्र के अधीक्षक और बीजीपीएम ने नौ अगस्त को सभी आशाओं को बुलाकर तीन वर्ष का फाइल रिकॉर्ड और एक-एक हज़ार रुपये की मांग की गई। राबर्ट्सगंज के एक होटल में ठहरे अधिकारी तक उसे पहुंचाना था। बृहस्पतिवार को भी उन्हें अस्पताल बुलाकर इस मांग को पूरा करने का दबाव दिया गया। दो दिन में पैसा जमा न करने पर सेवा से हटाने की धमकी दी जा रही है। वे अपने रिकार्ड लेकर आई हैं। चेतावनी दी कि आशा बहुओं के साथ न्याय नहीं हुआ तो वे कार्य बहिष्कार करते हुए जिलाधिकारी का घेराव करने को बाध्य होंगी। प्रदर्शन में मुन्नी देवी, संगीता, तारा, नीरा, कृष्णावती, सुनीता, प्रभावती, विमला, गुलपती, शांति, राधिका, मीरा, उमरावती, नीलम, राजकुमारी, इंद्रावती आदि शामिल रहीं। इस संदर्भ में स्वास्थ्य केंद्र की प्रभारी ने कहा कि सारे आरोप गलत हैं। ऐसा कुछ नहीं कहा गया है। इन लोगों से केवल काम करने के लिए कहा जा रहा है तो मनगढंत आरोप लगा रही हैं।
एएनएम और आशाओं की ओर से अधीक्षिका पर लगे आरोपों की जांच के लिए कमेठी नियुक्त की जा रही है। जो जांच कर रिपोर्ट देगी। -डॉ. अश्वनी कुमार, सीएमओ।