रेणुकूट। पिपरी व अनपरा को तहसील बनाकर दुद्धी को जिला बनाने की मांग को लेकर शुक्रवार को पिपरी में आवाज उठाई गई। दुद्धी को जिला बनाओ संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष पारसनाथ गुप्त की अगुवाई में हुए कार्यक्रम में वकीलों और समाजसेवियों ने दुद्धी को जिला बनाने के लिए अपनी अपनी बातें रखी। कार्यक्रम में भाजपा नेता श्याम बिहारी चमार ने कहा कि दुद्धी को जिला बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। विधानसभा चुनाव के वक्त जनपद में प्रचार के लिए आए वरिष्ठ नेताओं द्वारा भी जिला बनाने का आश्वासन दिया गया था। वर्तमान सरकार ने ओबरा को तहसील बनाकर इस दिशा में एक कदम बढ़ा दिया है, सरकार द्वारा जल्द ही दुद्धी को जिला बनाया जाएगा। दुद्धी को जिला बना कर ही आदिवासी इलाके का विकास संभव होगा। इस दौरान अनिल कुशवाहा, विवेक केशरी, गोविंद राम, अखिलेश सिंह, प्रशांत तिवारी, संजय तिवारी, जयचंद झा समेत तमाम लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रतिनिधि को सौंपा गया।