रॉबर्ट्सगंज सीएमओ को ज्ञापन सौपते सोनभद्र विकास मंच के पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज सीएमओ कार्यालय परिसर में शुक्रवार को सोनभद्र विकास मंच के बैनर तले जनहित की विभिन्न मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन किया गया। मंच के अध्यक्ष ज्ञानेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने पुराने चिकित्सालय में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करने, मेडिकल कॉलेज में रिक्त पद भरने, डाकघर का नाम सोनभद्र करने और विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।
राजकीय महिला महाविद्यालय में व्यावसायिक पाठ्यक्रम, बीएड, लॉ और स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने की मांग भी की गई। महामंत्री इं. शिव प्रसाद यादव ने कहा कि जिले में अवैध प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से प्रदूषण बढ़ रहा है, इससे लोग गंभीर बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। सीएमओ ने अस्पताल भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव भेजे जाने की जानकारी दी। वहीं पोस्ट मास्टर ने डाकघर का नाम बदलने संबंधी कार्रवाई का आश्वासन दिया, इसके बाद धरना स्थगित कर दिया गया। इस दौरान शिव प्रसाद यादव, रामभवन पटेल, रमेश प्रसाद मौर्य, शिव पूजन दुबे, जगदीश प्रसाद, परमेश्वर आदि मौजूद रहे।