लखनऊ में मुख्यमंत्री य़ोगी आदित्यनाथ में मिलती नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद। स्रोत स्वयं
ओवरब्रिज के नीचे सौंदर्यीकरण के लिए बजट और शिवाजी प्रतिमा के लोकार्पण का भी किया आग्रह
सोनभद्र। नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद ने बुधवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नगरहित से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे। उन्होंने खलियारी-घोरावल मार्ग के प्रस्तावित चौड़ीकरण से नगर क्षेत्र को बचाने, नगर के बीच बने ओवरब्रिज के नीचे खाली स्थानों के सौंदर्यीकरण के लिए बजट उपलब्ध कराने तथा चुर्क मोड़ पर स्थापित वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा के लोकार्पण का आग्रह किया।
रूबी प्रसाद ने मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि खलियारी-घोरावल मार्ग का लगभग तीन किलोमीटर हिस्सा मुख्य नगर क्षेत्र से होकर गुजरता है। यदि वर्तमान चौड़ीकरण योजना लागू होती है तो बड़ी संख्या में मकान, दुकानें और व्यावसायिक प्रतिष्ठान प्रभावित हो सकते हैं। उन्होंने नगर को संभावित नुकसान से बचाने के लिए भारी वाहनों के आवागमन हेतु वैकल्पिक मार्ग विकसित करने का सुझाव दिया। उन्होंने वाराणसी-शक्तिनगर राजमार्ग पर बने ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़े करीब 40 ब्लॉकों के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी रखा। उन्होंने बताया कि इन स्थानों पर गंदगी फैलने के साथ-साथ दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इन क्षेत्रों में इंटरलॉकिंग, रेलिंग, बैरिकेडिंग, हरित पट्टी, बैठने की व्यवस्था और आकर्षक पेंटिंग सहित अन्य विकास कार्यों के लिए करीब तीन करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराने की मांग की गई है। नगर पालिका अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को चुर्क मोड़ पर स्थापित वीर छत्रपति शिवाजी महाराज की आदमकद प्रतिमा के लोकार्पण के लिए भी आमंत्रित किया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह भी मौजूद रहीं। रूबी प्रसाद ने कहा कि नगर के विकास और जनहित से जुड़े इन प्रस्तावों पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाया है। उन्हें उम्मीद है कि इन पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।