धनबाद रेलवे मंडल मुख्यालय के सभागार में धनबाद मंडल संसदीय समिति की हुई बैठक में बरगवां-कटनी मेमू एवं कटनी-भुसावल ट्रेन का रूट विस्तार चोपन रेलवे स्टेशन तक किए जाने की मांग उठी।
मंगलवार को महाप्रबंधक हाजीपुर छत्रसाल सिंह, डीआरएम धनबाद कमल किशोर सिन्हा की उपस्थिति में आयोजित बैठक में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं नेचुरल गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी के प्रतिनिधि के रूप में क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति, उत्तर मध्य रेलवे सदस्य श्रीकृष्ण गौतम ने भी भाग लिया।
बैठक में श्रीकृष्ण गौतम ने सिंगरौली- भोपाल, सिंगरौली- निजामुद्दीन, बरगवां- कटनी मेमू ट्रेन एवं कटनी- भुसावल ट्रेन का रूट विस्तार चोपन रेलवे स्टेशन तक किए जाने की मांग उठाई, साथ ही रांची- नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस वाया रेणुकूट को सप्ताह में दो दिन संचालित करने की मांग रखी गई।
अनपरा एवं शक्तिनगर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चयनित कर विकास कार्य कराने पर जोर दिया, इसके साथ ही रांची-चोपन एक्सप्रेस ट्रेन का रूट विस्तार सिंगरौली एवं शक्तिनगर रेलवे स्टेशन तक साप्ताहिक रूप से किए जाने, धनबाद- नासिक ट्रेन वाया चोपन, सिंगरौली को मुंबई तक रूट विस्तार तथा धनबाद- जम्मूतवी स्पेशल ट्रेन को नियमित किए जाने की भी मांग रखी गई।
हटिया-आनंद विहार, पटना-सिंगरौली एवं रांची-चोपन का स्टॉपेज विंढमगंज रेलवे स्टेशन पर किए जाने की मांग की, सिंगरौली रेलवे स्टेशन से कोलयार्ड को शिफ्ट करने, महदेईया रेलवे स्टेशन पर गति शक्ति मल्टी मॉडल कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) निर्माण, मिर्चाधुरी एवं फफराकुंड पर रेल अंडरपास निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग रखी।